सिंभावली। राष्ट्रीय राजमार्ग 09 पर सोमवार शाम को तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
गांव बक्सर निवासी मोहम्मद शरीफ ई-रिक्शा से दवाई लेने जा रहे थे। जैसे ही वह सिंभावली क्षेत्र में नहर के पास एनएच 09 पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनके ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घायल मोहम्मद शरीफ को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को थाने में खड़ा करा दिया गया है। कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।