साहिबाबाद। मोहन नगर में तेज रफ्तार कार ने आगे जा रही गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दिल्ली के शाहदरा स्थित रामनगर निवासी जयश्री जाटव, उनके पति और बेटा घायल हो गए। वहीं, आरोपी कार चालक जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। हादसा 19 अप्रैल का है और पुलिस ने 23 अप्रैल की रात दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में जयश्री ने बताया कि 19 अप्रैल की रात वह गाजियाबाद अपने बहनोई के घर गई थीं। वहां से लौटते समय उनके पति कार चला रहे थे। मोहन नगर में तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी और वह तीनों लोग चोटिल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक की तरफ का दरवाजा जाम हो गया और खुला भी नहीं। जब पति ने शीशा नीचे कर आरोपी चालक से विरोध जताया तब वह जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। किसी काम से उनके देवर स्कूटी से गाड़ी के पीछे-पीछे जा रहे थे तो आरोपी की कार का नंबर प्लेट सहित फोटो खींच लिया है।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि कार नंबर से गाड़ी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी टीम खंगाल रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।