विंटर वैकेशन में चलेंगी
स्पेशल ट्रेन, रहेगी राहत
गाजियाबाद। विंटर वैकेशन में अगर आप आउटिंग की प्लानिंग कर रहे हैं तो स्पेशल ट्रेनों में कंफर्म टिकट ले सकते हैं। रेलवे ने दिल्ली और आनंद विहार से लखनऊ, कटरा और वाराणसी के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। 22 दिसंबर से इनमें से कई ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा और 14 जनवरी तक चलेंगी। कई स्पेशल ट्रेनों को गाजियाबाद जंक्शन पर भी स्टॉपेज दिया गया है। ऐसे में गाजियाबाद के साथ-साथ साहिबाबाद और नोएडा के यात्रियों को भी सहूलियत होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आनंद विहार से माता वैष्णो देवी कटरा के बीच डुप्लीकेट शालीमार एसी स्पेशल ट्रेन (04401, 04402) चलाई जाएगी। यह ट्रेन रात 11 बजे आनंद विहार से चलकर अगले दिन दोपहर दो बजे कटरा पहुंचेगी। आनंद विहार से यह ट्रेन सोमवार और बृहस्पतिवार को चलेगी और कटरा से मंगलवार व शुक्रवार को चलेगी। श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा से वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन (04612 व 04611) 22 दिसंबर से शुरू होगी। यह ट्रेन कटरा से हर रविवार और वाराणसी से हर मंगलवार को चलेगी। इसी तरह लखनऊ से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन (04205 और 04206) 21 दिसंबर से शुरू होगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन लखनऊ से हर बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेगी और आनंद विहार से अगले दिन शुक्रवार और रविवार को लखनऊ के लिए रवाना होगी। इन सभी ट्रेनों को गाजियाबाद में भी स्टॉपेज दिया गया है। यानी सर्दी की छुट्टियों में वैष्णो देवी या जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों को इन ट्रेनों में आसानी से कंफर्म सीट मिल सकेगी। इनके अलावा रेलवे ने सहारनपुर से अंबाला के बीच भी स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू करने की घोषणा की गई है।