हाईअलर्ट पर जिला, सुरक्षा में चार
हजार जवान, इंटरनेट सेवा की बंद
गाजियाबाद। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के मदद्ेनजर दिल्ली व अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं के बाद गाजियाबाद में हाई अलर्ट जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन की आशंका के मदद्ेनदर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा में चार हजार पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाकर हवाई निगरानी के लिए ड्रोन भी उतारें गए हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे से शुक्रवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं।
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के मद्देनजर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट प्रणाली लागू करते हुए जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने पैदल मार्च कर शांति बनाए रखभनने का आह्वान किया तो वहीं धारा-144 भी लागू कर धरना-प्रदर्शन पर रोक भी लगा दी गई। सुरक्षा इंतजामों के बीच पुलिस को इनपुट मिला है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद लोग सड़क पर उतर सकते हैं। इसे लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही सड़क के साथ-साथ हवाई निगरानी करने का फैसला भी लिया।
संवेदनशील इलाकों की ड्रोन से होगी निगरानी
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने घंटाघर कोतवाली से ड्रोन उड़ाकर हवाई निगरानी की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी। ड्रोन से कंट्रोल रूम को कनेक्ट कर हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इस मौके पर एडीएम सिटी शैलेद्र सिंह, एसपी सिटी मनीष मिश्रा भी मौजूद रहे। ड्रोन की शुरूआत के बाद एसएसपी से घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में फोर्स के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
नवयुवक संयम बरतें, परिजन भी दें ध्यान
एसएसपी ने नवयुवकों से संयम बरतने व सौहार्द बनाए रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में धारा-144 लागू है। धरना-प्रदर्शनों पर रोक लगी हुई है। सड़क या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर किसी तरह का कोई प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धारा-144 के उल्लंघन पर कठोरतम कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
वालंटियर्स सक्रिय, दफ्तर में तैनात पुलिसकर्मी भी
एसएसपी ने बताया कि अलर्ट के मद्देनजर डिजिटल वालंटियर्स व सिविल डिफेंस को भी सतर्क रहने को कहा गया है। साथ ही दफ्तरों में कार्यरत 500 पुलिसकर्मियों सहित कुल चार हजार जवान जिले की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। एसएसपी ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न डालें और न ही फारवर्ड करें।
कोट
--------------
एहतियात के तौर पर शुक्रवार शाम छह बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। उसके बाद समीक्षा की जाएगी। अगर जरूरत हुई तो आगे भी सेवाओं को बंद रखा जा सकता है। पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई है। सभी अपने-अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट भी हर हलचल पर नजर रखे हुए हैं। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अजय शंकर पांडेय, डीएम
जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। चार हजार जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही ड्रोन से निगरानी कराई जा रही है। लोगों से अपील है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखे में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। - सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी