साहिबाबाद राजबाग कॉलोनी निवासी मनीष (22) पुत्र रंजीत बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी मां इंदु देवी, भाभी, भतीजे और दोस्त आर्यन के साथ मुरादनगर स्थित गंगनहर पर आया था। वह गंगनहर घाट पर नहा रहे थे। इसी दौरान मनीष और आर्यन नहाते हुए गहरे पानी में चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों नहर के अंदर बने गहरे गड्ढे में फंस गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और किसी तरह उन्हें नहर से बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने बताया कि मनीष यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
दो दिन में चार लोग डूबे, दो की मौत
गंगनहर में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को भी नहर में दो बच्चियां डूब गई थीं। इनमें छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि 14 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि नहर में पानी भी बहुत कम है।