वेव सिटी क्षेत्र के वेदांता फार्म हाउस स्थित आइरिश क्रिएशन कंपनी में इवेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत युवती का आरोप है कि वह 3 जून को काम खत्म होने के बाद सुबह लगभग ढाई बजे कंपनी के मालिक आमोद गुप्ता के साथ अपने निवास कृष्णा नगर दिल्ली को जा रही थी। तभी एक अर्टिगा गाड़ी में बैठे तीन व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी चलने के बाद उन्होंने उनकी गाड़ी के बराबर में आकर शीशा उतारकर गाली-गलौज करके गाड़ी रोकने के लिए कहने लगे।
चलती गाड़ी में आरोपी अश्लील इशारे कर रहे थे। आमोद गुप्ता ने गाड़ी नहीं रोकी तो आरोपियों ने अपनी गाड़ी आमोद गुप्ता की गाड़ी के सामने रोक दी। आमोद गुप्ता ने अपनी गाड़ी लॉक कर ली, लेकिन आरोपियों ने आमोद गुप्ता की गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया। आरोपियों ने खिड़की खोलकर युवती को बाहर खींच लिया। बाद में गंदी नियत से शरीर पर बैड टच किया और आरोपी प्रभात ने ट्राउजर खींच कर फाड़ दी। युवती ने सड़क पर जोर से चिल्लाना शुरू किया।
रात होने के कारण काफी समय के बाद लोग उनकी मदद को आए। लोगों को आता देखकर आरोपी अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। पीड़ित युवती को बचाने पर मालिक आमोद गुप्ता के साथ भी उन्होंने मारपीट की। पीड़ित युवती का कहना है कि आरोपी युवक दक्ष और मंदिरा पूर्व में वेदांता फॉर्म हाउस में कार्य करते थे उनकी गलतियों की वजह से उन्हें वहां से निकाल दिया गया था।
पीड़ित युवती घटना से बहुत ज्यादा डर गई। जिसके कारण एफआईआर दर्ज कराने में देरी हुई। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभात, दक्ष यादव तथा मंदिरा के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।