शहर के लोगों को छत्तीसगढ़ और बिहार के ‘कड़कनाथ’ प्रजाति के मुर्गे के अंडे इन सर्दियों में खाने को मिलेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन गाजियाबाद में ‘कड़कनाथ’ के कुक्कुट फार्म खुलवाने की योजना तैयार कर रहा है।
सीडीओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि ने बताया कि गाजियाबाद में दो करोड़ की कुक्कुट पालन की योजना है। पंद्रह बीघा जमीन में कुक्कुट पालन करना है। किसानों को बेहतर मुनाफे के लिए ‘कड़कनाथ’ के पालन को प्रेरित किया जाएगा।
सीडीओ ने बताया कि ‘कड़कनाथ’ मुर्गी की एक प्रजाति है जो छत्तीसगढ़ और बिहार में पाई जाती है। यह अन्य मुर्गियों की तुलना में अधिक अंडे देती है। इसके अंडे में अधिक प्रोटिन और विटामिन होता है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. बिजेंद्र त्यागी ने बताया कि एक नई योजना दस हजार मुर्गियों को पालने की आई है। इसके तहत 70 लाख का लोन किसानों को दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीडीओ ने ‘कड़कनाथ’ के पालन पर विशेष जोर देने को कहा है। सीवीओ ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में गाजियाबाद के बाजार में ‘कड़कनाथ’ के अंडे आ जाएं।
छत्तीसगढ़ जाएगी पशु चिकित्सा विभाग की टीम
सीवीओ डा. त्यागी ने बताया कि गाजियाबाद में ‘कड़कनाथ’के पालन से पहले एक टीम छत्तीसगढ़ भेजी जाएगी। टीम वहां के फार्म का निरीक्षण ‘कड़कनाथ’ के पालन पोषण और रखरखाव की जानकारी लेगा।
इसके बाद उसके चूजे अथवा अंडे यहां पालन के लिए मंगाए जाएंगे। डा. त्यागी ने बताया कि जिन लोगों को कुक्कुट इंकाइ दी जाएगी उसे भी टीम में साथ लेकर जाया जाएगा।
मुर्गियों की बेस्ट ब्रीड है कड़कनाथ
- सामान्य मुर्गियों की अपेक्षा इसके मीट में 25 प्रतिशत अधिक प्रोटीन होता है।
- सभी चिकन ब्रीड के मुकाबले इसमें बेहद कम फैट पाया जाता है।
- विटामिन बी1, बी2, बी6, बी12 के साथ विटामिन सी, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन हाई मात्रा में पाया जाता है।
- मनुष्य के शरीर के लिए उपयोगी 18 तरह की अमीनो एसिड इसके मीट में होता है।