इंदिरापुरम। शक्तिखंड तीन स्थित वन मॉल होटल के कमरा नंबर 203 में पांच नवंबर की सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान मेरठ के रक्षापुरम सेक्टर एक निवासी रजत प्रताप सिंह (27) के तौर पर हुई है। पुलिस ने शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल बुधवार देर रात तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे होटल प्रबंधन ने कमरा बंद होने की बात कहते हुए पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर जब पुलिस पहुंची और दरवाजा खोला तब अंदर रजत प्रताप सिंह का शव चादर के फंदे से लटका हुआ था। होटल कर्मियों ने दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान की। इसके बाद परिजनों से संपर्क किया गया।
एसीपी ने बताया कि रजत नोएडा स्थित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। दो नवंबर से वह होटल में कमरा लेकर ठहरे हुए थे। पांच नवंबर की सुबह डायल 112 पर कॉल के जरिए दरवाजा बंद होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। बताया कि शव को उतारकर चिकित्सकीय पुष्टि के बाद मोर्चरी भेजा। कमरे की तलाशी में शराब की बोतल व अन्य सामान बरामद हुआ है लेकिन पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिवार वालों ने शुरुआती बातचीत में पुलिस को बताते हुए एक युवती पर रजत को परेशान करने का आरोप लगाया है और हत्या की आशंका जताई है। चार नवंबर को रजत की परिवार से फोन पर बातचीत भी हुई थी। हालांकि किसी तरह की परेशानी या समस्या युवक ने नहीं बताई थी। अचानक इस तरह के हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि होटल में कोई रजत से मिलने आया या नहीं इसकी जांच भी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का रिकॉर्ड ले लिया गया है।