मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब टेलीकॉम कंपनियां भी मैदान में उतर गईं हैं। जियो, बीएसएनएल और एमटीएनएल एसएमएस के जरिए लोगों को मतदान करने का अलर्ट देंगे। इसके साथ ही यह कंपनियां लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक भी करेंगी।
सीडीओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि मतदान जागरुकता अभियान की अंतिम रैली पांच फरवरी को आयोजित होगी। इसके बाद छह फरवरी से टेलीकॉम कंपनियों द्वारा एसएमएस अलर्ट भेजे जाने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए बीएसएनएल और एमटीएनएल के साथ ही जियो से भी बात हो चुकी है।
बीएसएनएल से जनपद स्तर पर ही जीएम के साथ करार हो चुका है। जियो सिम पर आने वाले मेसेज के लिए लखनऊ निर्वाचन आयोग से ही समझौता हुआ है। कृष्णा करुणेश ने बताया कि यह मैसेज उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग बूथ तक पहुंच सकें।
इन तीनों टेलीकॉम कंपनियों के बाद अब वोडाफोन और एयरटेल से भी बात की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा सके।
आदर्श बूथ पर नहीं मिलेगा गुलाब
आदर्श बूथ पर मत डालकर बाहर निकलने वाले मतदाताओं को सम्मान के तौर पर जिला प्रशासन गुलाब का फूल देने की प्लानिंग कर रहा था, लेकिन पर्यवेक्षक ने इसकी स्वीकृति नहीं दी। सीडीओ ने बताया कि मतदान न केवल लोगों का अधिकार है बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्त्तव्य भी है।
ऐसे में जिला प्रशासन लोगों को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित तो कर सकती है लेकिन वोट डालने के लिए पुरस्कृत नहीं कर सकती है।