गाजियाबाद। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान तेजी से चल रहा है। इसके अभी तक कुल एक लाख 96 हजार मतदाताओं के आवेदन मिल चुके हैं। जिले में अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर तक जो युवा 18 वर्ष के हो जाएंगे वह मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि जो युवा 18 वर्ष के हो गए हैं या होने वाले वह फाॅर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। फाॅर्म-6 मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास मिल जाएंगे नहीं तो ऑनलाइन फॉर्म डाउनलोड करके भी भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है उनको नोटिस के जरिए जो तिथि दी जाएगी उस तिथि पर प्रस्तुत होकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।
18 जनवरी को मतदेय स्थलों पर बैठेंगे बीएलओ
18 जनवरी को सभी मतदेय केंद्रों पर बीएलओ बैठेंगे और मतदाताओं को आलेख्य सूची पढ़कर सुनाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने निर्देश दिया कि यह कार्रवाई मिशन मोड में कराई जाए। सभी बीएलओ पर्याप्त संख्या में फाॅर्म-6, फाॅर्म-7 और फाॅर्म-8 सहित घोषणा पत्र उपलब्ध रखें। सभी मतदेय स्थलों पर समय पर उपस्थित रहें। पार्षद, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, बूथ लेवल एजेंट इसके लिए प्रचार-प्रसार करें।
- छह फरवरी तक कर सकेंगे दावा व आपत्ति, छह मार्च को फाइनल वोटर लिस्ट होगी जारी।
- एसआईआर के बाद बचे 20 लाख 19 हजार 853 मतदाता।
- 2025 की सूची में थे 28 लाख 37 हजार 991 मतदाता।
- मतदाता सूची में 1145799 पुरुष और 873932 महिला मतदाता हैं।