गाजियाबाद। ऑनलाइन बिक्री के विरोध में अखिल भारतीय संस्था ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के आह्वान पर बुधवार को जनपद में संचालित दवा दुकानें बंद रहेंगी। गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजदेव त्यागी ने बताया कि ऑनलाइन दवा की बिक्री से केमिस्टों को नुकसान हो रहा है। इस संबंध में सांसद अतुल गर्ग के माध्यम से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को भी पत्र भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे एसोसिएशन के पदाधिकारी नई बस्ती में एकत्र होंगे और वहां से कलक्ट्रेट जाकर पीएम नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे। जिले में करीब 3600 दवा की दुकानें हैं। हालांकि, मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकारी अस्पतालों के अंदर चलने वाली दवा दुकानें खुली रखी जाएंगी।