गाजियाबाद। सोने और चांदी की बढ़ी कीमतों की वजह से इस बार अक्षय तृतीया पर सराफा बाजार में शगुन तक ही खरीदारी सीमित रही। शहर के सराफा बाजार में कुल 50 करोड़ रुपये के आभूषणों की बिक्री हुई। गत वर्ष की तुलना में इस बार सराफा बाजार में 75 फीसदी कारोबार में गिरावट दर्ज की गई है। कपड़ा बाजार में गत वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत तक का इजाफा दर्ज किया गया।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता ने बताया कि सोने और चांदी के दाम गत तीन वर्षों से लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। इस बार दाम एक लाख तक पहुंचने की वजह से सराफा व्यापारी पहले से ही चिंतित थे। ऐसा अनुमान लगाया गया था कि गत वर्ष की तुलना में बाजार में अधिकतम गिरावट 50 फीसदी की आएगी। अक्षय तृतीया के दिन यह गिरावट उम्मीदों के परे साबित हुई और गत वर्ष की तुलना में 75 फीसदी कम व्यापार हुआ। शोरूम में सुबह से शाम तक भीड़ नहीं दिखी। कीमतें चढ़ने के कारण ग्राहकों का रुझान ज्यादा नहीं दिखा।
कपड़ा बाजार में रही खासतौर पर रौनक
कपड़ा कारोबार में 20 फीसदी वृद्धि हुई। शादी की सहालग शुरू हो जाने से कपड़ा कारोबार में तेजी रही। सीताराम, वैशाली, इंदिरापुरम, खोड़ा, घंटाघर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। शादी के लिए महिलाओं ने साड़ियां और लहंगा खरीदे। सूट और शेरवानी की भी खूब बिक्री हुई। कपड़ा व्यापारियों ने बताया कि इस बार अक्षय तृतीया पर शहर में लगभग करीब 20 करोड़ का कपड़ा कारोबार हुआ है।
करीब 10 करोड़ का हुआ मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में कारोबार
मोबाइल सेक्टर में भी खरीदारों की भीड़ रही। गाजियाबाद जिले में लगभग आठ से 10 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है। इसमें मोबाइल और एसेसरीज शामिल है। ब्रांडेड और नॉन ब्रांडेड शोरूम और दुकानों सभी में मोबाइल के खरीदार देखे गए।