गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर विपरीत दिशा में कार दौड़ाने वाले चालक को यातायात पुलिस ने पकड़ लिया। सात हजार रुपये का चालान कर कार को सीज कर दिया है। टीएसआई विमल चंद तिवारी ने आरोपी कार चालक के खिलाफ क्रासिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार शाम करीब छह बजे एनएचएआई कंट्रोल रूम से ट्रैफिक कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक कार छिजारसी कट के पास विपरीत दिशा में डीएमई पर मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन में वापस मेरठ की तरफ दौड़ रही है। सूचना मिलते ही यातायातकर्मियों ने आईपीईएम कालेज के सामने डीएमई प्रवेश मार्ग पर सतर्कता बढ़ा दी। शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर मारुति इग्निस कार आईपीईएम कट पर दिखाई दी। ट्रैफिक पुलिस ने कार को रोका और डीएमई से बाहर निकलवाया। कार को सीज कर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। टीएसआई विमल कुमार तिवारी ने कार का सात हजार रुपये का चालान काटा। साथ ही कार को सीज कर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में खड़ी कर दी है। टीएसआई की तहरीर पर रिपब्लिक क्रॉसिंग थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस 125 जान माल को खतरा पैदा करना और 281 लापरवाही से गाड़ी चलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कार चालक नोएडा सेक्टर-81 निवासी अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें डीएमई से आईपीईएम प्वाइंट पर बाहर निकलना था, लेकिन वह उस प्वाइंट पर बाहर निकलना भूल गए और एक्सप्रेसवे पर आगे निकल गए। एसीपी यातायात जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि जुर्माने के साथ-साथ कार सीज कर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
....
बेखौफ बाइक सवार, चेतावनी बोर्ड की कमी
मंगलवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कई बाइक सवार फर्राटा भरते नजर आए। हालांकि डीएमई पर बाइक से यात्रा करने पर प्रतिबंध है। अधिकांश कैमरे खराब पड़े हैं और एनएचएआई कंट्रोल रूम पर स्टॉफ की कमी के चलते उचित निगरानी नहीं रखी जा रही है। मंगलवार को विपरीत दिशा से कई कार चलती मिली। डासना जेल के सामने, लाल कुआं, विजयनगर कट और एबीएस कॉलेज के सामने डीएमई वाहन चालक सांकेतिक बोर्ड न होने के कारण ठिठक जाते हैं। गूगल मैप और सांकेतक बोर्ड के सहारे यात्रा करने वाले वाहन चालक विपरीत दिशा में वाहन ले जाने को मजबूर रहते हैं। पुलिस गश्त की कमी के चलते डीएमई पर चालान काटने की प्रक्रिया भी काफी धीमी है। डीएमई के नजदीक कालोनियों और गांवों के वाहन चालक यातायात नियमों को तोड़ते नजर आते हैं। डीएमई की कई स्थानों पर टूटी ग्रिल भी सड़क हादसों को न्यौता दे रही है।
....