त्योहारी सीजन से पहले ही फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। रविवार को जिले भर से फूड सेफ्टी टीम ने सात दुकानों से मिठाई और मावे के सैंपल लेकर जांच को भेजे।
इनमें दो नामचीन दुकानें भी शामिल हैं।डीएम निधि केसरवानी ने चंद दिनों पूर्व ही स्पष्ट कर दिया था कि इस बार त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाई और मावा बिकने नहीं दिया जाएगा।
डीएम ने इसके लिए फूड सेफ्टी इंस्पेक्टरों की अलग-अलग टीमें गठित की हैं। इन टीमों ने शालीमार गार्डन स्थित न्यू बीकानेरी स्वीट्स से कलाकंद, बीकानेरी स्वीट्स से मावा, मुरादनगर से बर्फी, विजयनगर सेक्टर-12 से बूंदी का लड्डू, मसूरी से बेसन का लड्डू, गुलाब वाटिका से रसगुल्ला और चौपला बाजार से मावे का सैंपल लिया।
फूड सेफ्टी अधिकारी अजय जायसवाल ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।उधर लोगों की जागरूकता के लिए पैरामाउंट सोसायटी में दूध जांच के लिए कैंप का आयोजन किया गया। ‘रेपिड मिल्क टेस्टिंग किट’ से 26 लोगों ने अपने घर आने वाले दूध की जांच कराई।