गाजियाबाद। ‘सेंटर ऑफ डिटेक्टिव ट्रेनिंग स्कूल की इमारत बनकर तैयार हो चुकी है। शुक्रवार को स्कूल का विधिवत शुभारंभ गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। सीबीआई एकेडमी के पास बने इस ट्रेनिंग स्कूल में यूपी-दिल्ली समेत सात राज्यों की पुलिस को ट्रेंड किया जाएगा।
इसमें दरोगा से लेकर डीआईजी स्तर के अधिकारियों को विशेष तौर पर साइबर क्राइम की से निपटने की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।’ बृहस्पतिवार को यह जानकारी स्कूल प्रिंसिपल व 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी नीवा जैन ने दी।
जम्मू-कश्मीर कैडर की महिला आईपीएस अधिकारी ने बताया कि सीबीआई अकादमी के पीछे स्थित इस इमारत के निर्माण में करीब 39 करोड़ रुपये का खर्च आया है जबकि जमीन की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है।
चंडीगढ़, हैदराबाद, वेस्ट बंगाल और जयपुर के बाद गाजियाबाद में शुरू होने जा रहा यह भारत का पांचवां ट्रेनिंग सेंटर है। इसमें भारत के सात राज्यों यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड और दिल्ली की पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसमें समय-समय पर यूएसए एवं अन्य विकसित देशों की सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी अपने अनुभव साझा करेंगे। नीवा जैन ने बताया कि यहां विशेष तौर पर जांच अधिकारियों को आर्थिक अपराध और साइबर क्राइम से निपटने की बारीकियां सिखाई जाएंगी। स्कूल में करीब 200 फैकल्टी और 37 अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।