घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित पुलिस-जनता संवाद में एसएसपी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने वाले जेल जाएंगे। उन्होंने चुनाव के दौरान लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ाने के लिए सोमवार को एसएसपी दीपक कुमार पुलिस-जनता संवाद में शामिल हुए। इस मौके पर एसएसपी से लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। एसएसपी ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
लोगों ने कप्तान से कहा कि नगर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया स्थित तीन होटलों में इन दिनों सेक्स रैकेट चल रहा है। पुलिस को इस बात की जानकारी होते हुए भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोगों ने वाहनों में हूटर लगे होने की भी शिकायत की।
एसएसपी ने नगर कोतवाल को हूटर लगे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान पेट्रोल पंप डीलरों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंप कर चुनाव के दौरान पंप के सिक्योरिटी गार्डों के पास से शस्त्र नहीं जमा कराने की मांग की। इस पर एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से शस्त्र जमा नहीं कराए जाएंगे।
एसएसपी ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को कोई भी पुलिसकर्मी बेवजह तंग करता है तो वह सीधे उनके व्हाट्स एप नंबर पर इसकी शिकायत करें। अगर कोई व्यक्ति व्हाट्सएप, फेसबुक और टवीट्र के माध्यम से चुनाव के दौरान अशांति फैलाने की कोशिश करेगा तो पुलिस की साइबर टीम इस पर नजर बनाए हुए है।