गाजियाबाद। त्योहारों, शोभायात्रा और जुलूस केमद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार से शहर में 14 अक्तूबर तक रूट डायवर्जन करने का निर्णय लिया है। बता दें कि रामलीलाएं शुरू हो गई हैं। 11 अक्तूबर को दशहरा और 12 को मोहर्रम है।
इस दौरान शाम से रात तक शोभायात्राएं निकलती हैं, रात करीब 12 बजे रामलीला खत्म होने पर सड़कों पर भीड़ रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है, जो शाम छह बजे से देर रात तक रहा करेगा।
यह रहेगा रूट डायवर्जन
लालकुआं और साजन मोड़ से किसी भी भारी वाहन को चौधरी मोड़ की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। इन्हें डायवर्ट एनएच-24 बाईपास या विवेकानंदनगर फ्लाईओवर से भेजा जाएगा।
चौधरी मोड़ से केवल रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन ही आ जा सकेंगे। रेलवे रोड से किसी भी वाहन को घंटाघर की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन रोड बजरिया रोड कट से कोई वाहन घंटाघर की तरफ नहीं जाएगा।
मेरठ तिराहे से किसी भी वाहन को पुराना बस अड्डा और हापुड़ मोड़ की ओर नहीं आने दिया जाएगा। इन सभी वाहनों को मेरठ रोड, घूकना मोड़ एवं एएलटी चौराहा होते हुए गंतव्य को भेजा जाएगा। पुराना बस अड्डा से हापुड़ मोड़ की ओर किसी भी वाहन को नहीं आने दिया जाएगा। इन वाहनों को संजय गीता चौक, घूकना होते हुए भेजा जाएगा। गोशाला फाटक से किसी भी वाहन को जस्सीपुरा की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। इन वाहनों को एनएच-24 से गंतव्य को भेजा जाएगा।
बनाई जाएंगी अस्थायी पार्किंग्स, लाउडस्पीकर से होगा एलान
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जल्द ही नेहरू युवा केंद्र में अस्थाई पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा लाउडस्पीकर से एलान करके भी लोगों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने और पार्किंग में वाहन खड़े करने की हिदायत दी जाएगी।