गाजियाबाद। संक्रामक रोग विभाग में मंगलवार को डेंगू-चिकनगुनिया के 188 सैंपल का टेस्ट हुआ, जिसमें से 30 नए चिकनगुनिया के मरीज मिले। वहीं 11 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनको मिलाकर अब तक डेंगू चिकनगुनिया के कुल 639 मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसमें से 427 चिकनगुनिया के और 212 डेंगू के मरीज शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से एक मौत की भी पुष्टि की है।
डेंगू-चिकनगुनिया का खतरा अभी 15 दिन और
चिकनगुनिया से दो लोगों की मौत के बाद अब डेंगू से भी मौत के मामले सामने आने लगे हैं। इससे बुखार पीड़ित मरीज दहशत में हैं। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि डेंगू या चिकनगुनिया से डरने की जरूरत नहीं है।
बुखार होते ही चिकित्सक से संपर्क न करने और कम तरल पदार्थ का सेवन करने से खतरा अधिक बढ़ जाता है। इसलिए इस मौसम में अधिक सावधानी बरतें। बता दें कि डेंगू-चिकनगुनिया का प्रकोप इस बार सबसे अधिक रहा है। अभी भी चिकित्सकों की सलाह है कि 15 दिन अतिरिक्त सावधानी रखी जाए।
अभी 15 दिन और डेंगू लार्वा की ब्रीडिंग के अनुकूल मौसम है। डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि जब से दिन का तापमान 25 डिग्री से नीचे आने लगेगा तब डेंगू- चिकगनुनिया का खतरा समाप्त हो जाएगा। अभी भी दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री तापमान है इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
चिकनगुनिया के बाद त्वचा रोगियों की संख्या बढ़ी
चिकनगुनिया में मरीजों में जोड़ों में दर्द की शिकायत के साथ-साथ लाल दाने और खुजली की भी शिकायतें आ रही हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि सबसे अधिक 40 फीसदी मरीज त्वचा में खुजली की शिकायत लेकर आ रहे हैं। लाल दाने और उसमें खुजली की समस्या रहती है।