साहिबाबाद। छठ पूजा के दौरान जिले के सभी 79 घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख घाटों पर थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन के जरिए भी घाटों और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
एडिशनल कमिश्नर राज करन नय्यर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनके माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की गई। इसके अलावा जलाशयों में किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए गोताखोरों और नावों की तैनाती रही। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल भी मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी घाटों पर लगातार गश्त करते रहे और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे। हिंडन घाट समेत प्रमुख घाटों पर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखा गया। अधिकारियों का प्रयास रहा कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में छठ पर्व मना सकें। इस बीच महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। साथ ही हिंडन पर रूट डायवर्जन किया गया।