वेव सिटी क्षेत्र के कस्बा डासना स्थित इस्लामिया मदरसे में चोरों ने एक बार फिर से चोरी का प्रयास किया है। मदरसा कस्बे का सबसे पुराना धार्मिक शिक्षण संस्थान माना जाता है।घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जब चोरों ने मदरसे की खिड़की में लगे लोहे के सरिये तोड़कर कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। मदरसे के प्रबंधक ने जानकारी दी कि चोर ऑफिस के अंदर तक पहुंच गए थे लेकिन इस बार कोई बड़ी चोरी नहीं हो सकी।
हालांकि इससे पहले नौ अगस्त को भी इसी मदरसे में चोरी की घटना घट चुकी है जिसमें 9500 रुपये नकद चुराए गए थे। लगातार दो हफ्तों में चोरी की घटनाओं से मदरसे के संचालकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। मदरसे के एक कर्मचारी ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने की वजह से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मदरसे और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मदरसे के प्रबंधक ने थाना वेव सिटी में इस संबंध में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डासना कस्बे में बीते कुछ समय से चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।