वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत बुधवार सुबह यात्रियों से भरी निजी बस एनएच नौ पर सन सिटी गेट के सामने अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना में चालक समेत एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें से 10 को अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रथम उपचार के बाद वे अपने गंतव्यों को रवाना हो गए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि एक निजी बस यात्रियों को लेकर हल्द्वानी से दिल्ली जा रही थी। बुधवार सुबह साढ़े 4 बजे बस जैसे ही वेव सिटी क्षेत्र में एनएच नौ स्थित सन सिटी गेट के सामने पहुंची तो चालक को झपकी आ गई और वह बस से नियंत्रण खो बैठा और बस डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त गया। घटना के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि घटना में चालक समेत 12 यात्री घायल हो गए जिनमें से 10 लोगों को निजी अस्पताल ले जाया गया। घायल यात्रियों में बुलंदशहर के बरासू निवासी बस चालक सुबोध शर्मा, हरि्द्वार निवासी ओम सिंह, गांव बुढ़िया बरेली निवासी कैफ, नैनीताल निवासी अदास, मुखर्जी नगर निवासी स्वर्गप्रताप सिंह, गुलावठी निवासी मोनू,राजेंद्र नगर हल्द्वानी निवासी कृतिका, खाटूधाम हरिद्वार निवासी हरिप्रिया,रूद्रपुर उत्तराखंड निवासी मयंक कुमार और उनकी पत्नी पुष्पा देवी, कडायकवाडा बागेश्वर उत्तराखंड निवासी कल्पना,पंतनगर दिल्ली निवासी सौरभ शामिल हैं।
चालक का कहना है कि जैसे ही वह सनसिटी के गेट के पास पहुंचा तो अचानक से एक वाहन सामने आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि तड़के साढ़े चार बजे चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घायल यात्री उपचार कराने के बाद अपने गंतव्यों को रवाना हो गए।बस को कब्जे में ले लिया गया है। घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। बस में 40 यात्री सवार थे जो अधिकतर सोये हुये थे जैसे ही बस डिवाइडर से टकराई तो सो रहे यात्री झटके से अगली सीट पर जा गिरे, जिससे वे घायल हो गये। प्रथम उपचार के बाद सभी अपने अपने घर चले गए।