सिकंदराबाद। नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की रोकथाम के लिए उप जिलाधिकारी सिकंदराबाद ने आठ सदस्यीय निरीक्षण टीम का गठन किया है। टीम नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर 15 दिन में सरकारी भूमि की स्थिति की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी।
एसडीएम दिनेश चंद्र ने बताया कि नगर पालिका की सीमा के अंतर्गत आने वाली सरकारी भूमि के चिन्हीकरण के लिए टीम का गठन किया गया है । टीम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और नगर पालिका के संबंधित अधिकारी शामिल हैं। बताया कि टीम नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि का संयुक्त रूप से निरीक्षण करेगी। यदि किसी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसका विवरण तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अभिलेखों का मिलान कर प्रत्येक कार्रवाई का विवरण निरीक्षण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठित टीम निरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जिससे सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने व आवश्यक विधिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जा सके।