पेट्रोल पंप पर मारपीट करने वाला आरोपी सचिन गिरफ्तार। संवाद
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर कादराबाद पुलिस चौकी के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर लाइन तोड़कर पेट्रोल देने से इन्कार करने पर स्कूटी सवार दो युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकोें ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पंपकर्मियों ने साहस दिखाकर एक आरोपी को पकड़ लिया। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।
पेट्रोल पंप के प्रबंधक आकाश दीक्षित ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे स्कूटी सवार दो युवक पेट्रोल डलवाने पहुंचे। पंप पर कुछ वाहन पहले से खड़े थे। स्कूटी सवार सेल्समैन पर लाइन तोड़कर पेट्रोल देने का दबाव बनाने लगे। सेल्समैन ने इन्कार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। गुस्साए स्कूटी सवार युवकों ने सेल्समैन की पिटाई कर जान लेने के इरादे से तमंचा तान दिया। तभी पंपकर्मियों और भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
अपने आप को घिरता देख आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी मगर पंपकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और एक आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने पकड़े गए आरोपी की पिटाई कर पुलिस को सौंपा दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पंप प्रबंधक आकाश दीक्षित की तहरीर के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सचिन कुमार निवासी सुदामापुरी को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया गया है। सचिन ने फरार साथी का नाम आकाश बताया। पुलिस आकाश की तलाश में दबिश दे रही है। जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।