गाजियाबाद। कानपुर के पास रेल हादसे के बाद कोहरे ने फिर से ट्रेनों का शेड्यूल बिगाड़ कर रख दिया है। बृहस्पतिवार को छह ट्रेनें कैंसल होने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। गाजियाबाद से जाने वाली कानपुर शताब्दी, लखनऊ स्वर्ण शताब्दी के साथ गोमती एक्सप्रेस की अप और डाउन दोनों ट्रेनें कैंसल रहीं।
कोहरे के कारण लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनें दो से 13 घंटे तक लेट रहीं। सबसे ज्यादा दिक्कत ट्रेन कैंसल होने के बाद यात्रियों को उठानी पड़ी। पहले तत्काल के लिए लाइन में लगकर लोगों ने बुकिंग कराई।
फिर लोग ट्रेन कैंसल होने के बाद रिफंड के लिए लाइन में लगे दिखाई दिए। जरूरी काम होने के चलते कई लोगों ने बस की ओर रुख किया। वहीं ट्रेनें लेट होने के कारण प्लेटफार्म पर कड़ाके की ठंड में लोग इंतजार करते नजर आए।
बृहस्पतिवार को ब्रह्मपुत्र मेल 13:15 घंटे, सुहेल देव एक्सप्रेस 10:30 घंटे, लखनऊ एसी एक्सप्रेस 4:02 घंटे, लखनऊ मेल 3:17 घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस 5:46 घंटे, फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस 4:01 घंटे, सद्भावना एक्सप्रेस 1:40 घंटे, सुशासन एक्सप्रेस 2:39 घंटे, मंडुवाडीह सुपरफास्ट एक्सप्रेस सात घंटे, आला हजरत एक्सप्रेस 1:30 घंटे, वैशाली एक्सप्रेस 2:10 घंटे, महामना एक्सप्रेस 6:04 घंटे लेट रहीं।