मोदीनगर। तलहैटा बिजली घर पर आमरण अनशन पर बैठे संतो के बीच पहुंचे यति। संवाद
मोदीनगर। भोजपुर के गांव तलहैटा स्थित एक आश्रम में रात में विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर बिजलीघर पर साधुओं ने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहने की चेतावनी दी।
गांव तलहैटा के जंगल स्थित सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा का आश्रम है। आश्रम के महंत यति धर्मानंद गिरी महाराज के अनुसार उनके यहां केवल दिन में विद्युत आपूर्ति होती है, रात के समय आपूर्ति बंद रहती है। इससे आश्रम में रह रहे साधुओं और अन्य लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और असुरक्षा का माहौल बना रहता है। यति ने बताया कि वह आश्रम में रात के समय विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारियों से लेकर ऊर्जा मंत्री तक को पत्र लिख चुके हैं मगर कोई समाधान नहीं हुआ। विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर साधुओं ने तलहैटा बिजलीघर पर मंगलवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। बुधवार को डासना शिव शक्ति धाम (डासना देवी मंदिर) के महंत और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि भी आमरण अनशन पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह अनशन किसी के विरूद्ध नहीं है, मगर चाहे हम सन्यासियों की समाधि लग जाए लेकिन आमरण अनशन मांग पूरी हुए बगैर समाप्त नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो पहले जिलाधिकारी कार्यालय और फिर मुख्यमंत्री आवास पर आंदोलन होगा। वहीं, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि आश्रम का विद्युतीकरण होना है। उसके लिए नियमानुसार प्रक्रिया चल रही है।