धौलाना। औद्योगिक क्षेत्र के फेज-टू में चाय की दुकान चलाकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही विधवा महिला को झांसे में लेकर एक युवक ने उसके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीडि़ता ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव शेखपुर खिचरा निवासी सायना कई वर्षों से फेज-टू के जी ब्लॉक स्थित भूखंड संख्या 353 के पास चाय की दुकान चलाती हैं। दुकान से होने वाली आमदनी से ही वह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। पीडि़ता के मुताबिक, गत वर्ष भी उनकी दुकान पर चोरी की घटना हुई थी, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ था।
सायना ने बताया कि वह अभी पिछले नुकसान से उबर भी नहीं पाई थीं कि एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा। युवक ने पेटीएम का बारकोड बनाने के नाम पर उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद किसी तरह उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर महिला के होश उड़ गए।
पीड़िता ने थाना धौलाना पहुंचकर घटना की तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की मांग की है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।