गाजियाबाद। मोबाइल टावरों से आरआर यूनिट चोरी करने वाले गिरोह के 50 हजार के इनामी को एसटीएफ नोएडा में सोमवार को नंदग्राम क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से एक आधार कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसटीएफ गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी दिल्ली के मुस्तफाबाद के इंद्र विहार का रहने वाला शहजाद मलिक है। पूछताछ में उसने बताया कि जहां वह रहता है उस इलाके में इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोटर, बैटरी आदि चोरी करके लाई जाती है और वहां से दिल्ली एनसीआर की अलग-अलग मंडियों में बेची जाती है। उसने बताया कि उसका साथी कैफ मलिक आरआर यूनिट चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा है जो दिल्ली एनसीआर के अलग अलग इलाकों से मोबाइल टावर से आरआर यूनिट व अन्य सामान चोरी करके लाता है। उससे वह खरीदकर उनकी सिल्वर व कॉपर अलग करके ऊंचे दामों में बेचता है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहजाद के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।