इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर पांच स्थित पत्रकार परिसर सोसायटी निवासी यूपीपीसीएल के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रशेखर राय के मकान में घुसे चोरों ने लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात रविवार देर रात दो बजे से 3:12 बजे के बीच की है। चोरों ने सोसायटी के दो ब्लॉक में बंद पड़े फ्लैटों को भी खंगाला लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो चोर दिखाई दिए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सोसायटी के सचिव तरुण कपूर ने बताया कि चंद्रशेखर राय यूपीपीसीएल में गाजियाबाद कार्यक्षेत्र से सेवानिवृत्त हैं। यहां वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके बच्चे कई वर्षों से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं।
वर्तमान में दंपती बच्चों के पास गए हुए हैं। करीब दो महीने पहले वह पत्नी के साथ गए थे। बताया कि रविवार रात सुरक्षा गार्डों ने संदिग्ध गतिविधियां देखी थीं। फुटेज देखने पर दो चोर सोसायटी की दीवार से परिसर में कूदते हुए दिखे। इसके बाद दोनों चोर करीब सवा घंटे तक सोसायटी में रहे।
उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए चंद्रशेखर राय को चोरी की जानकारी दी। छानबीन करने पर पता चला कि उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी चोरी हो चुकी है। सचिव ने बताया कि चोरों ने कुछ और घर भी खंगाले लेकिन वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।