गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सोसायटी के निवासी गंदे पानी की आपूर्ति से जूझ रहे हैं। यहां पानी का टीडीएस 1500 से ऊपर जा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। निवासियों को पीने और अन्य कामों के लिए बाहर से पानी मंगाना पड़ रहा है। निवासी प्रतीक गोयल ने बताया कि कई दिनों से बेहद गंदा पानी आ रहा है। टीडीएस अधिक होने से गीजर और आरओ जैसे उपकरण भी खराब हो रहे हैं। जय कुमार शर्मा के अनुसार, उनका टीडीएस 350 से बढ़कर शुक्रवार को 1500 हो गया। पीने का पानी बाहर से मंगाने के कारण घर का खर्च बढ़ गया है। उपेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि गंगाजल के नाम पर हर महीने 250 रुपये प्रति फ्लैट वसूले जा रहे हैं। हालांकि, उन्हें गंगाजल नहीं मिल रहा है और टीडीएस 1400 से 1500 तक पहुंच गया है।
निवासी सचिन ने बताया कि आरओ का पानी पीकर उनकी पत्नी और बेटी बीमार हो गई हैं। एस्टेट मैनेजर संदीप राणा ने एक एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक गंगा जल संयंत्र और नहर की सफाई के कारण गंगाजल आपूर्ति बंद रहेगी। राणा ने कहा कि एसटीपी से साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है और जहां दिक्कत है, उसे देखा जा रहा है।