गाजियाबाद। निलाया ग्रीन सोसायटी निवासी युवक की जर्जर सड़क पर गड्ढा बचाने के चक्कर में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आसपास की सोसायटियों के लोगों ने लंबे समय से जर्जर सड़क बन रही हादसे का कारण बताते हुए प्रशासन और जीडीए के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मोहित शर्मा निलाया ग्रीन सोसायटी के बी-टॉवर के फ्लैट संख्या 604 में परिवार के साथ रहते थे। मोहित नोएडा के सेक्टर 73 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। घर लौटते समय वह जर्जर सड़क की वजह से हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने कहा कि सड़क करीब चार साल से जर्जर अवस्था में है। इसकी वजह से 16 मौतें हो चुकी हैं। मार्ग पर कई सोसायटियों के निवासियों का आवागमन होता है। कई बार एसोसिएशन की ओर से जीडीए और प्रशासन से जर्जर सड़क के निर्माण की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद किसी के भी कानों पर जूं नहीं रेंगी है।
गत दो फरवरी को ही निलाया ग्रीन की तृप्ति स्कूटी से स्कूल जाते समय एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इसके बावजूद न तो ट्रैफिक नियंत्रण सख्त हुआ और न ही सड़क सुधार का कोई ठोस काम शुरू किया गया। हम तुम रोड के दोनों ओर बसी हाईराइज सोसायटियों और आसपास के गांवों के लोग वर्षों से सड़क को चौड़ा करने, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और फुटपाथ बनाने की मांग कर रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने कई बार सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किए, ज्ञापन सौंपे, अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन नतीजा शून्य रहा। परिणाम यह हुआ है कि एक और घर का चिराग बुझ गया।