हम तुम रोड के मामले में नगर निगम परिसर में प्रदर्शन करते लोग। संवाद
गाजियाबाद। हम तुम रोड और मोरटा के नाले की समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को मोरटा गांव के निवासी, किसान यूनियन के सदस्यों सहित हम तुम रोड संघर्ष समिति के सदस्यों ने जीडीए वीसी और नगर आयुक्त से मुलाकात की। मुलाकात के बाद निवासियों ने बरसात से पहले मोरटा के नाले के पानी की निकासी की व्यवस्था करने और छह मीटर की मरम्मत कराने की मांग की। जीडीए वीसी ने मौके का जायजा लेने के बाद 10 दिन के अंदर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके संबंध में बुधवार को जीडीए वीसी बिल्डर्स से बातचीत करेंगे।
निवासियों के कहने के बाद जीडीए वीसी दोपहर तीन बजे खुद हम तुम रोड पहुंचे जहां रोड की बदहाल स्थिति के साथ-साथ वहां बने नाले के पानी के ओवरफ्लो की स्थिति को देखा। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी और रोबिन त्यागी ने पिछले छह महीने से मोरटा नाले के पानी के ओवरफ्लो की वजह से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत, किसानों की फसल खराब होने और घरों की नींव खराब होने की समस्या बताई। सोसायटी निवासी मनजीत, मुरारीलाल शर्मा, विपिन तोमर, रक्षित ने मांग की कि बरसात से पहले कम से कम छह मीटर रोड की मरम्मत की जाए। जीडीए ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिन का समय मांगा।
नाले की समस्या के लिए नगर आयुक्त से मिले
मोरटा के निवासी नाले की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त से दोबारा मिले। विनीत त्यागी ने बताया कि नगर आयुक्त ने इस समस्या के समाधान के लिए सात से 10 दिन का समय मांगा है। निवासियों का कहना है कि अगर मानसून से पहले गांव वालों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी लोग जीडीए और नगर निगम में धरने पर बैठ जाएंगे।