इंदिरापुरम। प्रॉपर्डी डीलिंग कंपनी में कार्यरत युवती को तेजाब डालने की धमकी और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। घटना दिसंबर 2025 से चली आ रही है। पुलिस ने एक जून की रात पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी के सेल्स विभाग में कार्यरत है। 12 दिसंबर 2025 को आरोपी उनके कार्यालय में राघव नाम का युवक फ्लैट खरीदने के लिए गया था। वहां से उनका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से कॉल और मैसेज करने शुरू दिए। जब उन्होंने कॉल उठाना बंद कर दिया तो आरोपी पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया। 19 मई 2026 को आरोपी ने घर में घुसकर हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया। विरोध करने पर आरोपी ने तेजाब डालकर मारने की धमकी दी। कई दिन तक पूरा परिवार डर के साये में रहा और हिम्मत जुटाकर पुलिस के पास पहुंचा। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मोबाइल नंबर को सर्विलांस टीम ट्रेस कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।