धौलाना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा नेता के भाई व एक अन्य व्यक्ति को बंधक बनाकर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य पति व उसके पुत्र समेत 12 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पिलखुवा के मोहल्ला मोहननगर कॉलोनी निवासी रक्षित राघव ने बताया कि वह अपने प्लॉट पर व्हाइट हाऊस फार्म के पास ककराना गांव के सामने धौलाना में निर्माण कर रहा था। वहां पर फार्म के मालिक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य पति अशोक पहलवान व उसका पुत्र आजाद और दस अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए। इस दौरान आरोपी अशोक पहलवान व आजाद ने यहां निर्माण कार्य बाद में करना पहले हमें दस लाख रुपये की रंगदारी देनी पड़ेगी की बात कही। विरोध करने पर आरोपी उनके व उनके चाचा वीरेश तोमर के साथ गाली गलौज करने लगे। इतना ही नहीं आरोपियों ने फार्म हाऊस में बंधक भी बना लिया। किसी तरह उनके चाचा वीरेश तोमर बंधनमुक्त होकर यहां से धौलाना थाने भाग गए।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि पीडि़त पक्ष की तहरीर पर पिता पुत्र समेत दस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।