बुलंदशहर/डिबाई। बेसिक शिक्षा विभाग में बीटीसी के फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी पाने वाले चार अध्यापकों के खिलाफ सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। थाना डिबाई में यह रिपोर्ट बीएसए के आदेश पर एबीएसए हेमला ने दर्ज कराई है। इससे पूर्व इन शिक्षकों की विभाग की ओर से सेवा समाप्त की जा चुकी है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि डिबाई क्षेत्र में चार शिक्षक बीटीसी के फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर जब जांच कराई गई तो वह सही पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त शिक्षकों ने कूट रचित अभिलेखों से नौकरी प्राप्त की। बताया कि पहले उनकी सेवा समाप्त की गई। इसके बाद क्षेत्र की बीईओ को इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए।
पुलिस ने हेमला की तहरीर पर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ऊंचागांव बांगर में तैनात सहायक अध्यापक आशीष कुमार, प्राथमिक विद्यालय चौढेरा में कार्यरत सहायक अध्यापक आशीष कुमार, प्राथमिक विद्यालय खैरपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक दिनेश कुमार और प्राथमिक विद्यालय गोकुलपुर खादर में कार्यरत सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बीएसए ने यह भी बताया कि इन सभी बर्खास्त किए गए शिक्षकों से नौकरी करते समय प्राप्त किए गए वेतन की राशि की भी रिकवरी करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इन शिक्षकों से इस राशि की जल्द रिकवरी की जाएगी।