गाजियाबाद। नियमित टीकाकरण और ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने के लिए अब धार्मिक गुरुओं और जनपद के प्रभावशाली लोगों की मदद ली जाएगी। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों और टीकाकरण से इन्कार करने वाले परिवारों की पहचान कर उनकी प्रभावी काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए। धार्मिक गुरुओं और प्रभावशाली लोगों से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने में सहयोग लेने पर जोर दिया।
नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही गैर संचारी रोगों की जांच और उपचार तथा मौसमी व संक्रामक रोगों की रोकथाम की स्थिति भी देखी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं और चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने के साथ उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में कुपोषण की रोकथाम और जन जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और यूनिसेफ व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी मौजूद रहे।