गाजियाबाद। हिंडन बंधा रोड बंद होने से मोहन नगर चौराहे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद जीडीए ने दिन में हिंडन बंधा रोड को दिन में पब्लिक के लिए खुली रखने का फैसला लिया है।
अब रात में एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य होगा और दिन में दिल्ली-नोएडा-टीएचए आने जाने वाले लाखों वाहन फर्राटा भरेंगे। बता दें कि एलिवेटेड रोड के निर्माण के चलते जीडीए ने हिंडन बंधा रोड को 12 नवंबर से 31 दिसंबर तक बंद रखने की घोषणा कर रखी है।
इस अवधि में रोड के खुलने का समय सुबह 7 से साढे़ दस और शाम 5 से 10 बजे तक ही है। इस रोड से दिल्ली, नोएडा, टीएचए से गाजियाबाद आने-जाने वाले लाखों लोग रोज गुजरते हैं। रोड के बंद होने से लोगों ने 6-7 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाते हुए लिंक रोड से मोहन नगर होते हुए जीटी रोड आने का रास्ता अपनाया।
इससे मोहन नगर पर भीषण जाम लगने लगा। जाम संभालने में असफल होने पर ट्रैफिक पुलिस ने जीडीए से स्पष्ट किया कि हिंडन बंधा रोड का कोई विकल्प नहीं है। जीडीए ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में नई लिंक रोड का रास्ता सुझाया।
लेकिन दिक्कत यह है कि लोगों को इस रोड का रास्ता ही पता नहीं है, वहीं नई लिंक रोड की एक साइड ही ट्रैफिक के लिए अभी खोली गई है। एलिवेटेड रोड के निर्माण प्रभारी व अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन ने मंगलवार को बताया कि पुलिस के अनुरोध और शहर के ट्रैफिक को देखते हुए अब एलिवेटेड रोड का मुख्य काम रात में करने का निर्णय लिया गया है।
दिन में निर्माण संबंधी छोटे कार्य ही किए जाएंगे ताकि रोड को खुला रखा जा सके। उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लोग इस रोड से गुजर सकते हैं लेकिन जब भारी निर्माण की जरूरत दिन में पड़ेगी तो दिन में रोड बंद कर दी जाएगी। वैसे जीडीए की कोशिश होगी कि दिन में रोड को बंद न करना पड़े। मंगलवार को यह रोड दिन में खुली रही।