समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के बाद बुधवार की शाम जेल से रिहा कर दिए गए। आज ही उनकी रिहाई का परवाना जिला कारागार पहुंचा। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि आजम खां का परवाना उन्हें मिल था, दस्तावेजों की जांच पड़ताल के बाद सपा नेता आजम खां को रिहा कर दिया गया है। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां पिता को लेने जेल पहुंचे। जेल के बाहर आजम खां के समर्थक भी जुटे हैं।
आजम खां को अंतरिम जमानत, 50 हजार रुपये में रिहाई
आजम खां के वकील मोहम्मद यासीर अब्बासी ने बताया कि हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दी है। आज कोर्ट में हाई कोर्ट के आदेश के तहत जमानत राशि तय करने हेतु आवेदन दिया गया। कोर्ट ने 50,000 रुपये की जमानत राशि तय की। आजम खां के चिकित्सा इतिहास और स्वास्थ्य को देखते हुए, उनकी रिहाई के लिए एक आवेदन दायर किया गया। सत्र न्यायालय ने हाल ही में उनके हृदय रोग विशेषज्ञ से जांच कराने का आदेश दिया था। इस आवेदन में जमानत सत्यापन लंबित रहने तक उनकी रिहाई का अनुरोध किया गया। कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर उनकी रिहाई का आदेश दिया है। अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर आजम खां की आज रिहाई की उम्मीद है।
अखिलेश यादव ने कही यह बात
सपा नेता आजम खां को मिली अंतरिम जमानत पर गोरखपुर में रैली को संबोधित करने पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'सत्य की जीत हुई है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्हें आगे भी न्याय मिलेगा।'
किस मामले में हुई थी आजम खां की गिरफ्तारी?
आजम खां को 17 नवंबर 2025 को दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल भेजा गया था। इस मामले में जमानत मिलने के बाद 31 अक्तूबर 2026 को वह रामपुर जिला जेल से बाहर निकले ही थे कि ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी उन्हें गाजियाबाद ले गई और वहां से डासना जेल भेज दिया गया। यह गिरफ्तारी जौहर विश्वविद्यालय और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी।
कल ही आजम को मिली थी अंतरिम जमानत
ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ आजम खां ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। पांच नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजते हुए अंतरिम राहत के मामले में शीघ्र निर्णय लेने को कहा था। मंगलवार को सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी।