ओयो होटल में नशीली कोल्डड्रिंक पिला युवती से दुष्कर्म
गाजियाबाद। एक होटल में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपना गलत नाम बताकर युवती को झांसे में लिया। सच्चाई सामने आने पर बाइक और बैग छोड़कर मौके से भाग गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी तक पहुंचने के लिए होटल की सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
मसूरी थानाक्षेत्र निवासी युवती का कहना है कि उसके पिता की मौत हो चुकी है और वह अपने ममेरे भाई-बहन के साथ रहती है। करीब 10 दिन पहले वह टेंपो में बैठकर गाजियाबाद कपड़े खरीदने आ रही थी। उसी टेंपो में एक लड़का बैठा था। उसने अपना नाम प्रकाश बताया और खुद की कपड़े की दुकान बताई और सस्ते दामों में कपड़े दिलाने की बात कही। उसने कहा कि वह जब फोन करे तो वह कपड़े लेने आ जाए।
पीड़िता का कहना है कि उक्त युवक ने गत 4 अक्टूबर की सुबह 9 बजे उसे फोन कर लालकुआं बुलाया। लालकुआं पहुंचने पर वह उसे बाइक पर बैठाकर लालकुआं क्षेत्र में एक ओयो होटल पर ले गया और कपड़े खरीदने से पहले कुछ खाने-पीने की बात कही। पीड़िता ने खाने से मना कर दिया तो युवक ने अपने लिए बिरयानी और उसके लिए कोल्ड ड्रिंक मंगा ली। पीड़िता का आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक पीते ही उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद युवक उसे होटल के कमरे में ले गया और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया।
भाई के दोस्त ने देखा तो बाइक-बैग छोड़ भागा आरोपी
युवती का कहना है कि आरोपी प्रकाश उसे लेकर होटल से बाहर निकला तो भाई के दोस्त ने देखकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना असली नाम परवेज बताया। इसके बाद वह पकड़े जाने के डर से अपनी बाइक व बैग मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाइक के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। साथ ही होटल संचालक से भी युवक की रजिस्टर में एंट्री केबारे में पूछताछ की जाएगी। - आतिश कुमार सिंह, सीओ द्वितीय