बिल्डर की लापरवाही से राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों पर सीवर का पानी बह रहा है। सीवर का पानी सड़क पर बहने से सोसायटी में संक्रमण और बीमारी का खतरा बढ़ गया है। जीडीए अफसर या बिल्डर कोई भी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा।
राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। नियमानुसार जब तक एसटीपी बन नहीं जाता तब तक सीवर का पानी पाइप के जरिए दूरदराज के क्षेत्र में बहाया जाता है।
राजनगर एक्सटेंशन एओए फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि दूर क्षेत्र में पानी की निकासी के बजाय सीवर के पानी को हर रात चोरी-छुपे सड़कों पर छोड़ा जा रहा है। एओए सचिव गिरीश सारस्वत ने बताया कि अब तक सड़क पर थोड़ा पानी आता था, जिसे रेजिडेंट्स नजरअंदाज कर रहे थे लेकिन पिछले दो दिन से सड़क पर बड़ी मात्रा में सीवर का पानी बह रहा है।
इसकी वजह से सड़कों की रोड़ियां भी उखड़ गईं हैं। गंदे पानी के सड़क पर बहने से सोसायटी में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। एओए फेडरेशन के अध्यक्ष प्रमोद धनकड़ ने बताया कि इस संबंध में बिल्डर से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा न होने पर एओए पदाधिकारी बुधवार को जीडीए अधिकारियों को शिकायत करेंगे।