उगाही को लेकर एक दिन पहले एसडीएम की फटकार का असर यातायात पुलिस पर तो दिखा लेकिन कोतवाली पुलिस मंगलवार को भी ऑटो चालकों से उगाही करती दिखी। महेंद्रपुरी कट पर पुलिस कर्मी खुलेआम एंट्री के नाम ऑटो चालकों से उगाही करते रहे।
बता दें कि सोमवार को तहसील परिसर में एसडीएम ने बैठक ली थी। इसमें राज चौराहे पर तैनात टीआई को वाहन चालकों से उगाही के लिए फटकार लगाई थी। मंगलवार को यातायात पुलिस संभलकर रही, लेकिन कोतवाली पुलिस उगाही से बाज नहीं आई।
शाम चार बजे महेंद्रपुरी कट के पास हाईवे-58 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ऑटो चालकों को रोककर जमकर उगाही की। ऑटो चालकों से 50 से 100 रुपये वसूले गए। करीब 30 मिनट में पुलिस कर्मियों ने 25 ऑटो चालकों को रोककर वसूली की।
इसी बीच मीडिया के पहुंचने और फोटो होते देख पुलिस पुलिस जिप्सी गोविंदपुरी की ओर रवाना हो गई।
हाईवे-22 पर कौन पुलिस कर्मी तैनात थे, इसकी जानकारी की जाएगी। आला अधिकारियों को अवगत कराते हुए उगाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश सिंह, सीओ मोदीनगर