नोएडा प्लाट आवंटन घोटाला प्रकरण में सीबीआई कोर्ट से तीन साल की सजा पाए यूपी के सीनियर आईएएस राजीव कुमार अब निठारी कांड में फांसी की सजा पाए सुरेंद्र कोली के पड़ोसी बन गए हैं।
डासना जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक नंबर 1ए में राजीव कुमार और 2ए में सुरेंद्र कोली को रखा गया है। इतना ही नहीं पुत्रवधू की दहेज हत्या के आरोप में राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप को काली कमाई के कुबेर यादव सिंह का पड़ोस मिला है।
सांसद की पत्नी देवेंद्री को महिला बैरक में आरुषि-हेमराज मर्डर केस में बंद नूपुर तलवार और नोएडा प्लांट आवंटन घोटाले में सजा काट रहीं यूपी की पूर्व मुख्य सचिव नीरा यादव का साथ मिला है।
जेल अधिकारियों के अनुसार आईएएस राजीव कुमार मुलाहिजा बैरक नंबर 7ए में थे। अब उन्हें वहां से ट्रांसफर कर हाई सिक्योरिटी बैरक 1ए में रखा गया है। बैरक में वह अकेले हैं, जिसमें टीवी लगा है। उनकी डिमांड पर पढ़ने के लिए हिंदी-अंग्रेजी के अखबार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उनके पड़ोस वाली हाई सिक्योरिटी बैरक 2ए में नोएडा के चर्चित निठारी कांड के पांच मामलों में फांसी की सजा पा चुका सुरेंद्र कोली बंद है। बसपा सांसद नरेंद्र कश्यप को 7ए से बैरक नंबर 23बी में शिफ्ट किया गया है।
इस बैरक में पहले से ही नोएडा घोटाले के आरोपी यादव सिंह, मिड डे मील घोटाले के आरोपी रिटायर्ड आईएएस एसएन दुबे, रिटायर्ड आईपीएस एचएस चतुर्वेदी समेत 30 बंदी और हैं।
जेल सूत्रों का कहना है कि इन हाईप्रोफाइल बंदियों की आपस में बातें होती रहती हैं। जेल अधीक्षक शिव प्रकाश यादव ने बताया कि सुरक्षा के नजरिए से राजीव कुमार का बैरक बदला गया है। उनसे मिलने अभी तक सिर्फ तीन लोग आए हैं। सबसे ज्यादा नरेंद्र कश्यप से लोग मिलाई करने के लिए आते हैं।