प्री मानसून बारिश के दौरान सड़कों पर झमाझम बहता पानी
- फोटो : amar ujala
साहिबाबाद। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शनिवार को हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं प्रदूषण का स्तर भी कम हो गया। बारिश के पहले और बाद के आंकड़ों पर गौर करें तो पीएम-10 का स्तर 195 पर पहुंच गया है।
पीएम-10 के स्तर में 130 की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में शहर की हवा से प्रदूषण की मात्रा में और गिरावट आएगी।
अफगानिस्तान के रास्ते शहर पहुंचे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शनिवार को झमाझम बारिश हुई थी।
बारिश से अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। रविवार को टीएचए का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। इसके साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ।
रविवार को हॉट सिटी में पीएम 10 का स्तर 195 रहा जो बारिश के पहले 325 था। एक सप्ताह से पीएम-10 तीन सौ से ऊपर ही चल रहा था जबकि मानकों के मुताबिक पीएम-10 महज 100 होना चाहिए।
मौसम विभाग के डायरेक्टर रंजीत सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अभी भी बना हुआ है। इसकी वजह से सोमवार को दोपहर के बाद बारिश होने की संभावना है। मंगलवार से लोगों को तेज धूप व उमस का सामना करना पड़ सकता है।