गाजियाबाद/साहिबाबाद/मोदीनगर। शासन के निर्देश पर सोमवार रात और मंगलवार को जिले के चार पेट्रोल पंपों पर छापा मारा गया। इसमें गाजियाबाद में एक, साहिबाबाद में दो और मोदीनगर में एक पेट्रोल पंप की जांच की गई।
मापतौल और आपूर्ति विभाग की टीम के छापे में डासना स्थित अरिहंत सर्विस स्टेशन पर घटतौली पाई गई। टीम ने इस पंप के एक फ्यूल डिस्पेंसर को सील कर दिया। एसडीएम सीबी सिंह के नेतृत्व में गाजियाबाद में छापामारी की जा रही है। टीम ने सोमवार की रात 12 बजे डासना स्थित अरिहंत सर्विस सेंटर पर औचक निरीक्षण किया।
टीम के पहुंचते ही वहां पर हड़कंप मच गया। पंप के एक फ्यूल डिस्पेंसर से पांच लीटर पेट्रोल निकालकर की गई तो 70 एमएल पेट्रोल कम निकला। पंप के बाकी डिस्पेंसर सही थे। टीम ने मौके पर ही सीजर मेमो काटते हुए घटतौली करते पाए गए फ्यूल डिस्पेंसर को सील कर दिया।
इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मोहन नगर स्थित मोहन सर्विस स्टेशन पर टीम पहुंची। टीम ने सभी मशीनों को खोलकर जांच की। पेट्रोल निकालकर मापा गया, जिसमें मशीनें सही पाई र्गइं। करीब पौन घंटे की इस कार्रवाई में अधिकारियों ने शिकायत पुस्तिका समेत अन्य उपकरणों की भी जांच की।
इसके बाद टीम ने प्रह्लादगढ़ी स्थित त्यागी सर्विस स्टेशन पर भी छापा मारा। यहां पर भी मशीन सही पाई गई। इसके साथ ही मंगलवार की शाम को मोदीनगर में कपड़ा मिल क्षेत्र स्थित बजाज पेट्रोल पंप पर टीम ने छापा मारा।
पंप पर लगी तीन मशीनों की जांच की गई, जो सही पाई गईं। हालांकि जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर तेल भराने आए लोगों ने एसडीएम से घटतौली की शिकायत की। इस दौरान बाट माप निरीक्षक ललिता, सहायक खाद्य निरीक्षक योगेंद्र यादव, डिस्ट्रिक्ट सप्लाई डिपार्टमेंट के राजेश सोनी, विधिक माप विज्ञान अधिकारी हर्ष मिश्रा, हरीश प्रजापति आदि मौजूद रहे।
उधर, मंगलवार की देर शाम विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को पेट्रोल पंप की नियमित जांच कराने और रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया। जिन पेट्रोल पंपों पर घटतौली मिले, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।