मुरादनगर। डीएम के आदेश पर बुधवार को रहीसा का शव कब्र से बाहर निकाला गया। बाइस दिन पहले खिमावती गांव में संदिग्ध परिस्थिति में रहीसा की मौत हो गई थी। परिजनों ने आत्महत्या बताकर महिला के शव को दफना दिया था। मृतका की बेटी ने मां की हत्या का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी। इस पर कब्र खुदवाने के आदेश दिए गए थे।
डीएम के आदेश पर बुधवार को एएसपी की मौजूदगी में पुलिस ने महिला की कब्र खुदवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत के मामले में आत्महत्या या हत्या हुई है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। गौरतलब है कि 30 मार्च को रहीसा (56) पत्नी नूर मोहम्मद की मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि रहीसा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए महिला के शव को दफना दिया था।
रहीसा की मौत के मामले में नया मोड़ तब आया जब उनकी दुहाई गांव निवासी बेटी मोहसिना खिमावती गांव पहुंची। उन्होंने आसपास गांव में अपनी मां की मौत का कारण जानने की कोशिश की। मोहसिना ने बताया कि उसकी मां ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि हत्या की गई थी। डीएम से मोहसिना ने अपनी मां की कब्र खुदवाकर पोस्टमार्टम के आदेश कराए।
एसीपी ट्रैफिक रितेश त्रिपाठी और एसीपी मोदीनगर की मौजूदगी में रहीसा की कब्र खोदी गयी और शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पूरे प्रकरण की वीडियोग्राफी कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतका की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
-
बेटी ने जताई मां हत्या की आशंका
मृतका की बेटी मोहसिना ने आशंका जताई है कि उसकी मां रहीसा की हत्या हुई है। मौके पर पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद गांव के कब्रिस्तान में रहीसा का शव दफना दिया गया। मोहसिना का कहना है कि उनकी मां के पैसे व गहने गायब थे। उसकी बहन ने नकली मां-बाप बनाकर गांव की एक दुकान पर गहने बेचने गए थे। दुकानदार ने गहने लेने से इन्कार कर दिया था। इस कारण मोहसिना को शक है कि उसकी मां की हत्या हुई है।