साहिबाबाद। टीलामोड़ के तुलसी निकेतन स्थित फ्लैट में संचालित हो रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। देह व्यापार संचालिका मध्य प्रदेश के भिंड मुरैना स्थित बहरौली निवासी गीता को गिरफ्तार किया है। उसके साथी दिल्ली के शाहदरा निवासी राजन को भी पकड़ा है। पुलिस ने फ्लैट से दो युवतियों को रेस्क्यू कर बयान कराने के बाद घर भेज दिया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना दी थी। पुलिस ने शिकायत की पड़ताल करके 21 अप्रैल की रात छापा मारा। फ्लैट में गीता और राजन मिले। दोनों ने पूछताछ में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने जब फ्लैट की तलाशी ली तो वहां से दो युवतियां भी मिलीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गीता ने रुपयों का लालच देकर उन्हें देह व्यापार में धकेला था। तलाशी के दौरान काफी मात्रा में आपत्तिजनक सामान, मोबाइल फोन और 2400 रुपये बरामद हुए। एसीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
-