मोदीनगर। तरुण हत्याकांड को लेकर निवाड़ी थाने पर हंगामा करते गुस्साए परिजन। संवाद
- फोटो : Archive
मोदीनगर। निवाड़ी के गांव पूठरी निवासी तरुण की हत्या के मामले में पीड़ित परिजन पुलिस के खुलासे से असंतुष्ट हैं। इसको लेकर उनका गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। परिजनों ने खुलासे पर सवाल उठाते हुए निवाड़ी थाने पहुंचकर हंगामा किया।
उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्यारोपी निरांचल उर्फ मंत्री के एनकाउंटर की मांग की। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। तरुण के परिजन और ग्रामीण सुबह करीब 11 बजे निवाड़ी थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। तरुण की मां मधुबाला ने कहा कि हत्यारोपी निरांचल उनके बेटे को जानता तक नहीं था।
ऐसे में उसने उसकी हत्या क्यों की। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई व्यक्ति अकेले इतनी भयावह वारदात को अंजाम नहीं दे सकता। हत्या में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है।
परिजनों ने निवाड़ी थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो तरुण की जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि निरांचल तीन दिन से पेचकस और दरांती लेकर घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहा था। उसने गांव में रहने वाले प्रिंस पर भी हमला कर उसे घायल किया था, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई नहीं की। परिजनों और रिश्तेदारों ने आरोपी निरांचल के एनकाउंटर की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की जाएगी। एसएचओ ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना का सही खुलासा किया है। हत्या आरोपी के कब्जे से तरुण का मोबाइल फोन और दरांती बरामद की गई है।