कौशांबी। दिल्ली के गाजीपुर निवासी निजी कंपनी कर्मचारी अनिल कुमार को यूपी गेट पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी मौत हो गई। हादसा 18 अप्रैल की सुबह हुआ। पुलिस ने उनके भाई संजय शर्मा की तहरीर पर 21 अप्रैल की रात प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित भाई संजय शर्मा ने बताया कि वह मूलत: बुलंदशहर के शिकारपुर स्थित भनौटा गांव के रहने वाले हैं। उनके भाई अनिल कुमार गाजीपुर में रहकर नोएडा की आईटी कंपनी में नौकरी करते थे। 18 अप्रैल की सुबह वह घर से कार्यालय के लिए बाइक से निकले थे। यूपी गेट के पास तेज रफ्तार वाहन ने भाई की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में भाई सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और घायल भाई को इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान ही भाई की मौत हो गई। अंतिम संस्कार व अन्य प्रक्रियाओं के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध वाहन दिखाई दिए हैं। जांच की जा रही है। जल्द ही टक्कर मारने वाले वाहन को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
-