संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीनगर। निवाड़ी के सौंदा में सोमवार सुबह खेत की ओर जा रहे प्रधानपति रजनीश त्यागी का ट्रैक्टर बेकाबू होकर गड्ढे में गिर गया। हादसे में रजनीश त्यागी की मौत हो गई। परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया।
रजनीश किसान थे, उनकी पत्नी पूनम त्यागी सौंदा की ग्राम प्रधान हैं। परिजनों ने बताया कि रजनीश त्यागी सोमवार सुबह करीब पांच बजे अपने साथी ब्रजेश के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर खेत की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। रजनीश त्यागी ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह गंभीर रूप से घायल रजनीश त्यागी को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रजनीश त्यागी की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसर गया। रजनीश त्यागी के निधन पर सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक डॉ. मंजू शिवाच आदि ने शोक जताया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया।