साहिबाबाद/मोदीनगर/लोनी। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। आपूर्ति बाधित होने से परेशान लोग लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। शनिवार रात से रविवार सुबह तक साहिबाबाद, मोदीनगर और लोनी क्षेत्र में कई स्थानों पर लोगों ने बिजलीघरों का घेराव, हंगामा और सड़क जाम कर विरोध जताया।
लोगों का आरोप है कि ऊर्जा निगम की ओर से 250 करोड़ रुपये खर्च कर बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर हालात नहीं बदले हैं। बिजली कटौती से ज्यादा नाराजगी शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने और अधिकारियों के जवाब नहीं देने को लेकर है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होता और अधिकारी बिजलीघर से चले जाते हैं। बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो रहे हैं।
ट्रांसफार्मर फुंका, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
लोनी की रामपार्क विस्तार कॉलोनी में ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। परेशान लोगों ने रविवार को कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। कॉलोनी के लोगों के मुताबिक, चार दिन से अघोषित बिजली कटौती झेल रहे थे। शनिवार रात करीब तीन बजे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। शिकायत के लिए बिजलीघर पर फोन किया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज लोग सुबह करीब 11 बजे मुख्य तिराहे पर पहुंचे और ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। अधिशासी अभियंता रूपनगर सचिन कुमार ने बताया कि रात तीन बजे ट्रांसफार्मर खराब हुआ था। देर शाम तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
लोग धरने पर बैठे, अधिकारी पीछे के रास्ते से निकले
मोदीनगर के राधा एन्क्लेव में पांच दिन से बिजली संकट झेल रहे लोगों का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोग पैदल गोविंदपुरी बिजलीघर पहुंचे और सुनवाई नहीं होने पर धरने पर बैठ गए। कॉलोनी निवासी दीपिका ढाका और कुसुम शर्मा ने बताया कि पांच दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। दिनभर में सिर्फ दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। इस दौरान भी करीब 20 बार ट्रिपिंग हो रही है। शिकायत के बाद मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन अगले दिन ही हटा लिया गया। लोगों का आरोप है कि उनके विरोध को देखते हुए ऊर्जा निगम के अधिकारी पिछले रास्ते से निकल गए। बाद में पुलिस ने अधिकारियों से फोन पर वार्ता कराई। ट्रांसफार्मर बदलने के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
नौ घंटे बिजली गुल, उपकेंद्र का घेराव
साहिबाबाद के तुलसी निकेतन में भी बिजली कटौती से परेशान 50 से अधिक लोग देर रात कोयल एन्क्लेव ऊर्जा उपकेंद्र पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि शनिवार शाम चार बजे से रात एक बजे तक करीब नौ घंटे बिजली गुल रही। वहीं, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में लगातार ट्रिपिंग और कटौती से लोग परेशान रहे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कुलदीप कसाना ने बताया कि बारिश के बाद से कॉलोनी में बिजली की समस्या बनी हुई है। शनिवार शाम 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई। रात 11 बजे तक सुधार नहीं होने पर लोगों ने करीब 30 मिनट तक उपकेंद्र का घेराव किया। इसके बाद रात करीब एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। मकनपुर गांव में देर रात खंभे पर एबीसी केबल में आग लगने से करीब तीन घंटे बिजली बाधित रही। स्थानीय निवासी दीपक त्यागी ने बताया कि रात के समय विद्युत कर्मचारी फोन नहीं उठाते, जिससे ऐसी घटनाओं के दौरान लोगों में डर बना रहता है।
बड़े फॉल्ट के दौरान ही बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित होती है। फॉल्ट को ठीक कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करा दी जाती है।
- बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम, जोन-3