डासना में हंगामा करते लोग। स्रोत: वीडियोग्रैब
मसूरी/गाजियाबाद। जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र की सपनावत चौकी पुलिस ने मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नाहल में दबिश दी। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे सादी वर्दी में पहुंची पुलिस ने भैंस खरीदने वाले को हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि भैंस खरीदी गई है चोरी की नहीं है। घंटों हंगामे के बाद सपनावत पुलिस भैंस लेकर रवाना हो गई।
सपनावत पुलिस चौकी इंचार्ज कर्मवीर सिंह और तीन अन्य पुलिसकर्मी नाहल गांव पहुंचे। जहां उन्होंने नौशाद के घर पर दबिश देकर चोरी की भैंस बरामद की। साथ ही नौशाद को हिरासत में लेने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने विरोध किया और हंगामा कर दिया। नौशाद ने बताया कि उसने भैंस 85 हजार रुपये में खरीदी है। 85 हजार रुपये लेकर ही भैंस पुलिस के सुपुर्द की जाएगी। ग्रामीणों के विरोध के चलते हापुड़ पुलिस ने थाना मसूरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस नौशाद को सपनावत चौकी पुलिस को थाने ले आई। सपनावत पुलिस और ग्रामीणों के बीच घंटों चली गहमागहमी के बाद सपनावत पुलिस भैंस लेकर हापुड़ रवाना हो गई। बता दें कि सपनावत पुलिस ने नाहल में दबिश देने से पहले न चौकी पुलिस को सूचना दी और न ही मसूरी थाने को अवगत कराया।
.....
यह था मामला
20 जून को सपनावत से एक किसान की भैंस चोरी हुई। चौकी पुलिस ने नदीम निवासी पिपलहेड़ा धौलाना जनपद हापुड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। नदीम ने बताया कि भैंस चोरी कर उसने नाहल निवासी नदीम को बेच दी है। पुलिस इसी भैंस को बरामद करने नाहल गांव पहुंची थी। भैंस के मालिक और उसके साथी भी पुलिस के साथ पहुंचे थे। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया।
.....
नोएडा पुलिस पर भी नाहल में हुआ था हमला
नोएडा के फेस-तीन थाना पुलिसकर्मियों ने 25 मई 2025 की देर शाम को नाहल गांव में दबिश देकर कार पार्टस चोरी करने वाले कादिर को हिरासत में लिया था। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और धक्कामुक्की के बाद फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी सौरभ देशवाल की मौत हो गई थी।
डीसीपी धवल जायसवाल का कहना है कि नाहल में हापुड़ की पुलिस चोरी की भैंस बरामद करने आई थी। भैंस पुलिसकर्मियों को सौंप दी गई है। मामला जनपद हापुड़ में दर्ज है। गैर जनपदीय पुलिस की पूर्ण सहायता की गई है।